Almora Road Accident: जन्मदिन पार्टी से लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, ट्रक से टकराई स्कूटी

अल्मोड़ा में जन्मदिन की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं। लोअर माल रोड स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। दोनों युवक जन्मदिन पार्टी मनाकर लौट रहे थे, तभी उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।

जानकारी के मुताबिक बख गांव निवासी संदीप आर्या अपने मित्र विजय कुमार के साथ स्कूटी से बेस क्षेत्र से जलाल बैंड की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि सोमवार को विजय कुमार का जन्मदिन था और दोनों ने एक होटल में पार्टी की थी। देर रात लौटते समय कॉलेज गेट के पास तीखे मोड़ पर उनकी स्कूटी संख्या UK01D-4413 अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्रक संख्या UK04CA-1999 के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।

हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी चला रहे संदीप आर्या गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर, चेहरे और पैर में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में उनका एक पैर भी फ्रैक्चर हो गया था। वहीं पीछे बैठे विजय कुमार को पैर और छाती में हल्की चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जुट गई। स्थानीय युवाओं की मदद से दोनों घायलों को तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद विजय कुमार को छुट्टी दे दी गई, जबकि संदीप की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी तेज रफ्तार में थी और दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। मोड़ पर अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण स्कूटी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे चालक के सिर पर गंभीर चोट लगी।

बताया जा रहा है कि मृतक संदीप आर्या परिवार का इकलौता बेटा था। उनकी एक बहन की पहले ही शादी हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत ने बताया कि दोनों युवक जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल संदीप आर्या की उपचार के दौरान मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *