उत्तराखंड की बेटी तिला सेन ने एवरेस्ट पर फहराया तिरंगा, आईटीबीपी महिला टीम के साथ रचा इतिहास

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा की बेटी तिला सेन ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की महिला पर्वतारोही टीम का हिस्सा रहीं तिला सेन ने 21 मई 2026 को एवरेस्ट शिखर पर तिरंगा फहराकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

आईटीबीपी का यह विशेष पर्वतारोहण अभियान 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुआ था। इस मिशन में कुल 14 सदस्य शामिल थे, जिनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। खटीमा के चारूबेटा गांव निवासी तिला सेन ने टीम के साथ नेपाल के कठिन साउथ कोल रूट से चढ़ाई करते हुए अदम्य साहस और धैर्य का परिचय दिया।

कठिन मौसम, बर्फीली हवाओं और चुनौतीपूर्ण रास्तों के बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और आखिरकार 8,848 मीटर ऊंची माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा लहराया। इस सफलता के बाद पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।

तिला सेन की इस उपलब्धि पर उनके परिवार और क्षेत्रवासियों ने गर्व जताया है। उनके पिता मदनलाल और माता विजय लक्ष्मी ने बेटी की सफलता को पूरे परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया। तिला के भाई और आईटीबीपी जवान योगेंद्र कुमार ने बताया कि तिला वर्ष 2021 में आईटीबीपी में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थीं। वर्तमान में वह आईटीबीपी की 36वीं वाहिनी में लोहाघाट, चंपावत में तैनात हैं।

तिला सेन ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा चारूबेटा गांव से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने जीजीआईसी खटीमा से इंटरमीडिएट और खटीमा से ही पॉलीटेक्निक की पढ़ाई पूरी की। साधारण परिवार से आने वाली तिला दो भाइयों और पांच बहनों में चौथे स्थान पर हैं।

तिला सेन की यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और उनकी सफलता को महिला सशक्तिकरण की मिसाल बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *