उत्तरकाशी में खराब मौसम के बीच हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

उत्तरकाशी में शुक्रवार को अचानक बदले मौसम के चलते एक हेलिकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। तेज आंधी-तूफान और खराब दृश्यता के बीच पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। हेलिकॉप्टर में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सहस्त्रधारा हेलीपैड से जोशियाड़ा के लिए उड़ान भरने वाला हेलिकॉप्टर रास्ते में खराब मौसम की चपेट में आ गया। उड़ान के दौरान तेज हवाएं और आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिससे दृश्यता काफी प्रभावित हुई। हालात को देखते हुए पायलट ने तत्काल निर्णय लेते हुए हेलिकॉप्टर की एहतियातन लैंडिंग चिन्यालीसौड़ हवाई अड्डे पर कराई।

बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में उस समय कुल पांच यात्री सवार थे। मौसम प्रतिकूल होने के कारण आगे उड़ान भरना सुरक्षित नहीं माना गया। ऐसे में पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए सुरक्षित लैंडिंग कर संभावित खतरे को टाल दिया।

हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को कुछ समय तक एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षित रखा गया। इस दौरान हवाई अड्डा प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे।

मौसम सामान्य होने और दृश्यता बेहतर होने के बाद हेलिकॉप्टर ने दोबारा सहस्त्रधारा हेलीपैड के लिए उड़ान भरी। इसके बाद सभी यात्रियों को सड़क मार्ग से उत्तरकाशी रवाना किया गया। घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

सूत्रों के अनुसार, हेलिकॉप्टर में एडीजी अमित सिन्हा भी सवार थे। वे शनिवार को नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम) में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए उत्तरकाशी पहुंचे हैं।

उप जिलाधिकारी डुंडा देवआनंद शर्मा ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदलता है और ऐसी परिस्थितियों में सुरक्षा सर्वोपरि होती है। उन्होंने पायलट के त्वरित निर्णय और सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते लिया गया फैसला संभावित जोखिम को टालने में कारगर साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *