रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत केदारनाथ यात्रा मार्ग पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नेपाली युवक को 1.080 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ सोनप्रयाग कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी नेपाल से चरस लेकर आया था और यात्रा मार्ग पर इसे ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में था।
एसपी निहारिका तोमर के निर्देश पर जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गौरीकुंड चौकी पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 1.080 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसमें भारतीय और नेपाली दोनों सिम कार्ड सक्रिय पाए गए। इसके अलावा 6,070 भारतीय रुपये और 450 नेपाली रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
गौरीकुंड चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह रावत ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह चरस नेपाल से लेकर आया था और केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं व अन्य लोगों को महंगे दामों में बेचने की योजना बना रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हस्त बहादुर शाही (37 वर्ष) निवासी ग्राम पालिका रास्कोट वार्ड नंबर-5, जिला कालीकोट, कर्णाली प्रदेश, नेपाल हाल निवासी गौरीकुंड के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की कार्रवाई की जा रही है।