Dehradun Weather: भीषण गर्मी से तपता शहर, 40.6 डिग्री पहुंचा पारा, किमाड़ी जंगल में आग और मोहकमपुर में कार जली

देहरादून में भीषण गर्मी का असर अब जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को राजधानी का तापमान इस सीजन में पहली बार 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंतनगर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है।

सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय शहर की सड़कें लगभग सूनी नजर आईं और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। बढ़ती गर्मी के कारण एसी, कूलर और पंखों का उपयोग बढ़ने से बिजली की खपत में भी इजाफा हुआ, जिसके चलते कई जगह शॉर्ट सर्किट और आग लगने की घटनाएं सामने आईं।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है। लगातार बढ़ते तापमान से हीट वेव जैसी स्थिति बनने लगी है।

मोहकमपुर में कार में लगी आग

आईआईपी मोहकमपुर के पास बुधवार को एक कार में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में कार की सीएनजी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया गया। जानकारी के अनुसार कार हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त जज कांता प्रसाद की थी। आग की वजह से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

नेहरू ग्राम में बिजली के खंभे में आग

भीषण गर्मी और बढ़े हुए बिजली लोड के चलते नेहरू ग्राम क्षेत्र में बिजली के खंभे पर शॉर्ट सर्किट हो गया। देखते ही देखते खंभे में आग लग गई। घटना के बाद बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।

कौलागढ़ में खाली प्लॉट में भड़की आग

कौलागढ़ क्षेत्र में बिजली के खंभे से निकली चिंगारियां पास के खाली प्लॉट में गिर गईं। प्लॉट में मौजूद सूखी घास और कूड़े ने तुरंत आग पकड़ ली। आग आसपास की दुकानों और मकानों तक पहुंच सकती थी, लेकिन समय रहते फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पा लिया।

किमाड़ी के जंगल में लगी आग

गर्मी के बढ़ते असर के बीच किमाड़ी क्षेत्र के जंगल में भी आग लग गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग को फैलने से पहले बुझा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़े नुकसान को टाल दिया गया।

लगातार बढ़ती गर्मी और आग की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *