रुड़की के सुल्तानपुर क्षेत्र में ऑनलाइन गेम की लत एक युवक की मौत का कारण बन गई। दुकान के लिए सामान खरीदने के नाम पर परिवार से लिए गए 40 हजार रुपये ऑनलाइन गेम में हारने के बाद युवक मानसिक तनाव में आ गया और उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामला सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव का है। यहां रहने वाला 20 वर्षीय शोएब पुत्र जुल्फिकार कस्बे में चप्पल और जूतों की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार शोएब ने कुछ दिन पहले दुकान के लिए नया सामान खरीदने की बात कहकर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे। बताया जा रहा है कि उसने यह पूरी रकम ऑनलाइन गेम खेलने में गंवा दी।
रकम हारने के बाद शोएब काफी परेशान रहने लगा था। मंगलवार को मानसिक तनाव में आकर उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि जहरीले पदार्थ के सेवन से युवक की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।