Dehradun: सड़क विवाद में अधिवक्ता पर हमला, थार सवार युवकों ने कार में मारी टक्कर, पीछा कर पत्थरबाजी

देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सड़क विवाद के बाद अधिवक्ता और उनके बड़े भाई पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि थार सवार युवकों ने पहले उनकी कार को टक्कर मारी, फिर मारपीट और गाली-गलौज की। इसके बाद आरोपियों ने पीछा कर कार पर पत्थरबाजी भी की, जिससे वाहन का अगला शीशा टूट गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अधिवक्ता श्रीकांत शर्मा अपने बड़े भाई रोहित शर्मा के साथ डोईवाला से दूधली मार्ग होते हुए घर लौट रहे थे। रात करीब आठ से साढ़े आठ बजे के बीच जब वे एसजीआरआर मेडिकल अस्पताल मोथरोवाला के पास पहुंचे, तभी एक काली थार में सवार तीन युवक तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए आए।

आरोप है कि थार सवार युवकों ने उनकी स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर युवक गाड़ी से उतर आए और दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

पीड़ित अधिवक्ता ने तहरीर में बताया कि घटना के बाद भी आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे। आरोप है कि तीनों युवक बाइक से बंगाली कोठी चौक तक उनके पीछे पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में पत्थर और चाकू भी थे। जान बचाने के लिए दोनों भाई तेजी से वहां पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने रास्ता रोककर कार पर पत्थरों से हमला कर दिया।

पत्थर लगने से कार का अगला शीशा टूट गया। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई होगी, जिससे आरोपियों की पहचान हो सकती है।

नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *