देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के भी आसार जताए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इन क्षेत्रों में गर्जन के साथ बिजली चमकने और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की गई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 17 मई तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है।
मौसम साफ होते ही बढ़ी गर्मी
प्रदेश में मई की शुरुआत से ही रुक-रुक कर बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी था, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई थी। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ था। हालांकि शुक्रवार को मौसम साफ होने और तेज धूप निकलने के बाद गर्मी ने फिर असर दिखाना शुरू कर दिया।
देहरादून में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर पर रहा। दिनभर चटक धूप के कारण लोगों को तेज गर्मी का एहसास हुआ। हालांकि शाम के समय हवाएं चलने से मौसम सुहावना हो गया और रात में तापमान में गिरावट महसूस की गई।
उधर, पर्वतीय क्षेत्रों में अब भी तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने और पहाड़ी इलाकों की यात्रा करते समय सतर्क रहने की अपील की है।