देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र स्थित किशननगर में स्कूल के पीछे चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन युवतियों को रेस्क्यू किया गया है। मामले के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि किशननगर क्षेत्र में लंबे समय से एक किराये के मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि मकान की आड़ में देह व्यापार का अवैध धंधा चलाया जा रहा था। इसी बीच क्षेत्र की पार्षद नंदिनी शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इलाके में हो रही गतिविधियों पर सवाल उठाए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और कैंट थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं मौके से आशीष पांडे और जंग बहादुर नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब छह महीने पहले यह मकान किराये पर लिया था और तभी से वहां अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कैंट थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस रेस्क्यू की गई युवतियों से भी पूछताछ कर रही है।