नानकमत्ता में दर्दनाक सड़क हादसा: नई कार खरीदकर लौट रहे शिक्षक समेत दो की मौत, कई घायल

ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता हाईवे पर मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चंपावत निवासी शिक्षक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि दोनों कारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। नई कार खरीदने की खुशी लेकर लौट रहे शिक्षक के परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार चंपावत जिले के राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में तैनात शिक्षक संजय पांडे (41) पुत्र भुवन पांडे अपने साथी शिक्षक चंद्र प्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी नई कार खरीदने गए थे। मंगलवार रात दोनों नई कार लेकर वापस चंपावत लौट रहे थे। इसी दौरान नानकमत्ता हाईवे स्थित दहला चौराहे के पास उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते टक्कर बेहद भीषण रही। हादसे में शिक्षक संजय पांडे और दूसरी कार में सवार दीपांत सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी हरि शिवनाथ मंदिर, आवास विकास किच्छा गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं शिक्षक चंद्र प्रकाश जोशी सहित दूसरी कार में सवार अभय तनेजा, निक्की तनेजा, ऋषभ सक्सेना, अनुज सक्सेना और मनप्रीत सिंह भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही नानकमत्ता थाना प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज पहुंचाया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपांत सिंघल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल शिक्षक संजय पांडे को हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह का इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि शिक्षक संजय पांडे के घर में नई कार के पहुंचने का इंतजार हो रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद मौत की खबर पहुंचने से परिवार में कोहराम मच गया। पूरे क्षेत्र में घटना के बाद शोक की लहर है।

प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि मृतक दीपांत सिंघल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *