उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल तय, कई IAS अधिकारियों के विभाग बदलेंगे, DM-SSP भी होंगे इधर से उधर

देहरादून। उत्तराखंड में जल्द ही बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तस्वीर साफ हो सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार शासन स्तर से लेकर जिलों तक व्यापक बदलाव की तैयारी में जुटी है। जानकारी के अनुसार कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले जाएंगे, जबकि कई जिलों में जिलाधिकारी (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के तबादले भी किए जा सकते हैं।

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश में कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लंबे समय से एक ही विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में सरकार प्रशासनिक कार्यों में नई ऊर्जा और बेहतर समन्वय लाने के उद्देश्य से विभागों में बदलाव करने की तैयारी कर रही है। शासन स्तर पर महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारियां नए अधिकारियों को सौंपी जा सकती हैं।

इसी बीच सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे के चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में बदलाव लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही उत्तराखंड से रिलीव हो सकते हैं। ऐसे में स्वास्थ्य जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी किसी अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को दी जाएगी।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि वित्त, ऊर्जा, शिक्षा, लोक निर्माण और गृह विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में भी फेरबदल संभव है। सरकार आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में काम कर रही है।

वहीं जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव की तैयारी तेज हो गई है। कई जिलाधिकारी आगामी चुनावों के मद्देनजर तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत ऐसे अधिकारियों के तबादले किए जा सकते हैं। इसके साथ ही कई जिलों में एसएसपी स्तर पर भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

माना जा रहा है कि सरकार जल्द ही तबादलों की सूची जारी कर सकती है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में इस संभावित फेरबदल को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *