रुड़की। नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई नवविवाहिता प्रज्ञा सिंह को पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेन यात्रा के दौरान पति से विवाद होने के बाद वह नाराज होकर चली गई थी और बेगूसराय में अपने परिचित के यहां ठहर गई थी।
लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि पांच मई को कानपुर के नौबस्ता निवासी मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान प्रज्ञा अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं लगा तो पति ने लक्सर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे को अपहरण की धाराओं में तरमीम कर जांच शुरू की। पुलिस की कई टीमें लगातार महिला की तलाश में जुटी हुई थीं। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि महिला बिहार के बेगूसराय में मौजूद है।
सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को बेगूसराय भेजा गया। टीम ने वहां पहुंचकर प्रज्ञा सिंह को सकुशल बरामद कर लिया और उन्हें परिजनों के साथ लक्सर कोतवाली लाया गया।
पुलिस पूछताछ में प्रज्ञा सिंह ने बताया कि ट्रेन में सफर के दौरान किसी बात को लेकर पति से कहासुनी हो गई थी। विवाद के बाद वह नाराज होकर ट्रेन की दूसरी बोगी में चली गई। इसके बाद उन्होंने अपने मोबाइल फोन से सिम कार्ड निकालकर फेंक दिया और बेगूसराय स्थित अपने एक परिचित के घर चली गई थीं।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला के बयान दर्ज करने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।