देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से किया गया आह्वान केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के लोग हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में आगे रहे हैं और इस बार भी प्रदेश की जनता प्रधानमंत्री के संदेश को जनआंदोलन का रूप देगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर योगदान देने का संकल्प लेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सीएम धामी ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि लोग अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की खपत कम करना, बिजली और अन्य ऊर्जा संसाधनों की बचत करना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती में रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर प्राकृतिक खाद का उपयोग बढ़ाने और खाद्य तेल का सीमित प्रयोग करने जैसे छोटे-छोटे प्रयास भी देशहित में बड़ा योगदान साबित हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने की भी अपील की।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान को गांव-गांव तक पहुंचाएगी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएगी।