जौलीग्रांट के अठूरवाला क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहे एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पौड़ी जिले के रहने वाले नीरज रावत के रूप में हुई है, जो यहां टैक्सी चलाकर अपना गुजारा करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय नीरज रावत मूल रूप से पौड़ी जिले के बोंसरी गांव का निवासी था। वह पिछले करीब एक साल से कोटी अठूरवाला वार्ड संख्या आठ में गणेश थपलियाल के मकान में किराए पर रह रहा था। नीरज अविवाहित था और जौलीग्रांट क्षेत्र में टैक्सी चालक के रूप में काम करता था।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब रविवार शाम उसका एक दोस्त खाना लेकर कमरे पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा देखकर सभी लोग हैरान रह गए। नीरज कमरे में पंखे से फंदे पर लटका हुआ था।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को नीचे उतारकर जौलीग्रांट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चौकी इंचार्ज चिंतामणि मैठाणी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका है कि युवक ने रविवार रात को आत्महत्या की होगी, जबकि इसकी जानकारी सोमवार शाम को सामने आई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।