देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के लाखों पेंशनर्स को राहत पहुंचाई है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बुधवार को सचिवालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में अप्रैल माह की पेंशन ‘वन क्लिक’ के माध्यम से ट्रांसफर की।
इस पहल के तहत राज्य पोषित योजनाओं के 7,56,682 लाभार्थियों को कुल 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। इस राशि में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के लाभार्थी शामिल हैं।
सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य करते हुए समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में लगातार कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन प्रयासों के चलते हर वर्ष 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगे भी इस तरह के बहुउद्देश्यीय कैंप नियमित रूप से लगाए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यक्तियों का समय से सर्वे किया जाए और उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, ताकि 60 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं का लाभ उठा सकें।
सरकार की इस पहल से प्रदेश के लाखों जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिलने से राहत मिली है और पारदर्शिता के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ है।