उत्तराखंड में तेज आंधी-तूफान का कहर, फ्लाइट डायवर्ट, रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए रविवार को भारी तबाही मचाई। तेज आंधी-तूफान और बारिश के चलते प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हो गया। जौलीग्रांट और आसपास के क्षेत्रों में इस सीजन का सबसे तेज तूफान दर्ज किया गया, जिसके साथ ओलावृष्टि भी हुई।

तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिर गईं, जिससे नुकसान की खबरें सामने आई हैं। एक मामले में तूफान के दौरान उड़कर आए सीमेंट के पिलर से एक मकान का बाथरूम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हवाई सेवाओं पर असर

खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। मुंबई से देहरादून आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को खराब मौसम के चलते बीच रास्ते से ही दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। वहीं, दिल्ली से देहरादून आ रही इंडिगो की फ्लाइट को भी लंबे समय तक हवा में इंतजार करना पड़ा।

रेलवे ट्रैक बाधित

तेज आंधी के चलते वीरभद्र और योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैक पर पेड़ गिर गए, जिससे रेलवे मार्ग बाधित हो गया। इसके कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। रेलवे विभाग की टीम ट्रैक को साफ करने में जुटी हुई है।

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई जिलों में 4 और 5 मई के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

वहीं, 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है। प्रदेशभर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *