देहरादून: उत्तराखंड में आज राज्यभर के लोगों के मोबाइल फोन पर एक परीक्षण अलर्ट (Test Alert) भेजा जाएगा। आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक तकनीकी परीक्षण है, इसलिए किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है।
विभाग के अनुसार, यह अलर्ट सेल ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम के जरिए जारी किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य में स्थापित आपातकालीन चेतावनी प्रणाली की कार्यक्षमता को जांचना और यह सुनिश्चित करना है कि आपदा की स्थिति में संदेश तेजी और व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंच सकें।
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि यह परीक्षण यूएसडीएम (USDM) और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सहयोग से किया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग मोबाइल नेटवर्क सेवा प्रदाताओं के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में अलर्ट संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
इस अभ्यास के दौरान यह परखा जाएगा कि चेतावनी संदेश कितनी प्रभावशीलता से लोगों तक पहुंच रहे हैं और किन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता है। साथ ही, अलग-अलग परिस्थितियों में संदेशों की सटीकता और समयबद्धता का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि इस परीक्षण अलर्ट को लेकर भ्रमित न हों और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यह एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका मकसद राज्य की आपदा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना है।