देहरादून/शामली:
देहरादून से दिल्ली और दिल्ली से देहरादून के बीच चलने वाली वॉल्वो बसों पर शुक्रवार को शामली क्षेत्र में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में दोनों बसों के शीशे टूट गए और पत्थर अंदर तक पहुंच गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे की है। देहरादून से दिल्ली जा रही वॉल्वो बस (नंबर 1010) जैसे ही शामली के पास पहुंची, कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। शुरुआत में चालक को लगा कि यह कोई सामान्य घटना है, लेकिन लगातार पत्थर आने पर उसने तुरंत बस को रोक दिया।
इसी दौरान, दिल्ली से देहरादून की ओर आ रही दूसरी वॉल्वो बस (नंबर 8080) भी उसी स्थान से गुजर रही थी। शरारती तत्वों ने इस बस को भी निशाना बनाया और उस पर भी पथराव कर दिया। एक पत्थर शीशा तोड़कर बस के अंदर आ गया, जिससे कुछ यात्रियों के हाथ में हल्की चोटें आईं। हालांकि पत्थरों की रफ्तार कम होने के कारण कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
घटना में दोनों बसों के आगे और साइड के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।
परिवहन निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बागपत के रमाला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यात्रियों में भय फैलाने के उद्देश्य से किसी निजी बस संचालक की ओर से पथराव कराया गया हो सकता है।
ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन ने बताया कि मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और पुलिस जांच में जुटी हुई है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।