लक्ष्मणझूला में फर्जी साधु बनकर रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार, पुलिस के ऑपरेशन ‘प्रहार’ में खुलासा

पौड़ी गढ़वाल/देहरादून: उत्तराखंड के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी साधु के रूप में रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी माथे पर तिलक लगाकर और हिंदू नाम अपनाकर लंबे समय से क्षेत्र में रह रहा था।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम रामझूला रोड स्थित काली मंदिर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पूछताछ में उसने अपनी पहचान सनीउर रहमान उर्फ ‘सत्यसाधू’ (39 वर्ष) के रूप में बताई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वह बांग्लादेश के फरीदपुर का निवासी है और वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था।

आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए हिंदू नाम अपनाया और दिल्ली के पते पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए आधार कार्ड भी बनवा लिया था।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक्सपायर बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैबलेट और पेन ड्राइव समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान की जांच की जा रही है, जिससे उसके नेटवर्क और गतिविधियों के बारे में और जानकारी मिल सके।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, उसके संपर्कों और संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *