पिथौरागढ़। जिले के अस्कोट थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान हुआ विवाद एक दर्दनाक और खौफनाक वारदात में बदल गया। नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और शादी का माहौल मातम में बदल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, घिंघरानी गांव निवासी भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ बुधवार रात गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि भुवन प्रसाद ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना का पता तब चला जब परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां गीता देवी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी विवाहित हैं। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।