चकराता (देहरादून)। चकराता तहसील क्षेत्र के खरासी गांव में एक अनोखा विवाह समारोह इन दिनों क्षेत्रभर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां एक ही परिवार के पांच भाइयों का विवाह एक ही दिन, एक ही मंडप में संपन्न हुआ, जिसने स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों का भी ध्यान अपनी ओर खींचा।
बुधवार को आयोजित इस भव्य समारोह में नरेंद्र, प्रदीप, प्रीतम, अमित और राहुल ने पारंपरिक जौनसारी रीति-रिवाज ‘जोझोड़े’ के अनुसार विवाह किया। इस परंपरा की सबसे खास बात यह रही कि पांचों दुल्हनें स्वयं बारात लेकर दूल्हों के घर पहुंचीं, जो इस आयोजन को और भी विशेष बनाता है।
जानकारी के अनुसार, नरेंद्र का विवाह हय्यो निवासी अन्नू, प्रदीप का जोगियो निवासी निक्की, प्रीतम का हय्यो निवासी पुनीता, अमित का गोरछा निवासी निर्मला और राहुल का जोगियों निवासी आंचल के साथ संपन्न हुआ। वहीं परिवार की बेटी प्रियंका का विवाह भी गुरुवार को मरलऊ निवासी रणवीर सिंह के साथ होना तय है।
समारोह के दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग इस अनोखी शादी को देखने के लिए एकत्रित हुए।
इस आयोजन में शामिल गणमान्य व्यक्तियों ने इसे संयुक्त परिवार की एकता, प्रेम और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने का संदेश देते हैं।
जौनसार-बावर क्षेत्र की यह पारंपरिक ‘जोझोड़े’ प्रथा न केवल सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखती है, बल्कि परिवार और समाज के बीच आपसी सम्मान और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।