Uttarakhand Weather Update: कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट, पहाड़ों में बर्फबारी के आसार

देहरादून: उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट लेने के संकेत दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के कई जिलों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, नैनीताल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं।

अन्य पर्वतीय जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

तापमान में गिरावट के संकेत
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से ऊपर रहा। राजधानी देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जो सोमवार को घटकर 37.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 28 अप्रैल को देहरादून में आंशिक बादल छाए रहने, हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

3 मई तक बना रहेगा मौसम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक 3 मई तक राज्यभर में मौसम का यह बदला हुआ रुख जारी रह सकता है। इस दौरान बीच-बीच में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का सिलसिला चलता रहेगा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *