टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड): जिले के घनसाली क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पूर्व विधायक भीम लाल आर्य के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने घनसाली बैरियर से इंडियन गैस एजेंसी तक रैली निकालते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का सबसे प्रमुख दृश्य तब देखने को मिला जब पूर्व विधायक भीम लाल आर्य खाली गैस सिलिंडर कंधे पर रखकर विरोध जताते नजर आए। उन्होंने कहा कि घनसाली जैसे सीमांत क्षेत्र में गैस की आपूर्ति बाधित होना गंभीर समस्या है, जिससे आम जनता के साथ-साथ होटल व्यवसायी भी परेशान हैं।
उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा के चलते घनसाली, चमियाला और आसपास के कस्बों में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन गैस की कमी के कारण होटल संचालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे न केवल स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि यात्रियों को भी भोजन जैसी बुनियादी सुविधा नहीं मिल पा रही है।
भिलंगना ब्लॉक के ज्येष्ठ प्रमुख और कांग्रेस नेता प्यार सिंह बिष्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, लेकिन गैस सिलिंडर की अनुपलब्धता के चलते होटल यात्रियों को भोजन नहीं दे पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन बुकिंग कर रखी है, फिर भी समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा भी उठाया और आरोपियों को शीघ्र फांसी देने की मांग की।
कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद जोशी ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन सरकार की नीतियों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सुचारु नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
घनसाली में बढ़ती गैस किल्लत ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। ऐसे में स्थानीय लोग अब प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।