उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट 2026: बेटियों का जलवा बरकरार, इंटर में गीतिका-सुशीला टॉपर, हाईस्कूल में अक्षत अव्वल

देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) द्वारा वर्ष 2026 के हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। परिणाम जारी होते ही एक बार फिर छात्राओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। इस वर्ष भी बेटियों ने टॉपर्स की सूची में बाज़ी मारते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

इंटरमीडिएट में दो छात्राएं संयुक्त टॉपर

इंटरमीडिएट परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर की गीतिका पंत और भंगाराम अमर इंटर कॉलेज, भुरापानी (ऊधमसिंह नगर) की सुशीला मेहदीरत्ता ने 98.0 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया।

दूसरे स्थान पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश (देहरादून) के छात्र आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंक हासिल किए।

वहीं तीसरे स्थान पर सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (हरिद्वार) की वंशिका ने 97.00 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

इंटरमीडिएट परीक्षा में बागेश्वर जिला 94.81% परिणाम के साथ प्रदेश में अव्वल रहा।


हाईस्कूल में अक्षत गोपाल बने टॉपर

हाईस्कूल परीक्षा में एमपी हिंदू इंटर कॉलेज, रामनगर के छात्र अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।

दूसरे स्थान पर संयुक्त रूप से

  • इशांत कोठारी (एसवीएम इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी) – 98%
  • भूमिका (जीबी पंत जीआईसी, खैरना, नैनीताल) – 98%

तीसरे स्थान पर विवेकानंद वीएम इंटर कॉलेज, मंडलसेना (बागेश्वर) के योगेश जोशी ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।

बालिकाओं में भूमिका 98 प्रतिशत अंकों के साथ शीर्ष पर रहीं।


जिलों में बागेश्वर का दबदबा

हाईस्कूल परीक्षा में बागेश्वर जिला 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। इंटरमीडिएट में भी जिले का प्रदर्शन शानदार रहा, जिससे यह जिला इस वर्ष शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनकर उभरा है।


मेरिट में शशांक पुरोहित चौथे स्थान पर

सरस्वती विद्या मंदिर, श्रीनगर के छात्र शशांक पुरोहित ने हाईस्कूल परीक्षा में 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में खुशी का माहौल है। शशांक के माता-पिता दोनों ही शिक्षक हैं, जिससे उन्हें पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिला।


बेटियों ने फिर मारी बाज़ी

कुल मिलाकर उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में छात्राओं का दबदबा साफ नजर आया। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों ही परीक्षाओं में बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *