देहरादून: भाजपा महिला मोर्चा का महाआक्रोश अभियान शुरू, कांग्रेस के विरोध में निकली पदयात्रा; सीएम धामी शामिल

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस के खिलाफ ‘महाआक्रोश अभियान’ की शुरुआत करते हुए जन आक्रोश पदयात्रा निकाली। परेड ग्राउंड से शुरू हुई इस पदयात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।

इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर नकारात्मक रुख अपनाया है, जो महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है।

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राजनीतिक स्वार्थों के चलते इसका विरोध कर महिलाओं की आकांक्षाओं को ठेस पहुंचाई है।

प्रदेशभर में चलेगा अभियान, महिलाओं को किया जाएगा जागरूक

महाआक्रोश अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला जन आक्रोश पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। भाजपा महिला मोर्चा ने बताया कि इस अभियान में हजारों महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसके साथ ही महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और महिला छात्रावासों में जनसंपर्क अभियान चलाकर युवतियों को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार दस दिनों तक अभियान चलाकर इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा।

अभियान में महिला जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

रुचि भट्ट ने प्रदेश की सभी महिलाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की मजबूती के लिए समर्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *