देहरादून:
देहरादून शहर में आज रात आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों का आकलन करने के लिए विशेष ब्लैकआउट मॉकड्रिल आयोजित की जाएगी। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में तंत्र की प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी समन्वय और संसाधनों के प्रभावी उपयोग को परखना है।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात 10 बजे से शहर के चुनिंदा इलाकों में करीब 30 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया जाएगा। इस दौरान आईएसबीटी, रायपुर, घंटाघर और आराघर क्षेत्रों को मॉकड्रिल में शामिल किया गया है। ब्लैकआउट के तहत स्ट्रीट लाइट, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की रोशनी अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी।
मॉकड्रिल शुरू होने से पहले संबंधित क्षेत्रों में आपातकालीन सायरन बजाए जाएंगे, ताकि लोगों को अभ्यास के बारे में जानकारी मिल सके और वे सतर्क रहें। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस दौरान घबराएं नहीं और प्रशासन का सहयोग करें।
यह मॉकड्रिल भारत सरकार के निर्देशों के तहत आयोजित की जा रही है, जिसका मकसद नागरिक सुरक्षा तंत्र की वास्तविक स्थिति का आकलन करना और किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए तैयारियों को और मजबूत करना है।
गुरुवार को इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभ्यास से आपदा के समय त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलती है और तंत्र की कमियों को समय रहते दूर किया जा सकता है।