केदारनाथ यात्रा: डीएम विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर लिया व्यवस्थाओं का जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने देर शाम केदारनाथ मंदिर पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने धाम पहुंचते ही यात्रा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर पिछले दो दिनों की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों से जमीनी अनुभव साझा करने को कहा और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

बैठक में यात्रा मजिस्ट्रेट, सेक्टर और सब-सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, पेयजल, विद्युत, पशुपालन और सुलभ विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और यात्रा को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के प्रति सौम्य और विनम्र व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए मंदिर परिसर के आसपास किसी भी यूट्यूबर या ब्लॉगर को ड्रोन उड़ाने की अनुमति न देने को कहा। इसके साथ ही यात्रा से जुड़े किसी भी प्रकार के भ्रामक या दुष्प्रचार वाले वीडियो और सामग्री पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। जिला सूचना अधिकारी को ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।

डीएम ने स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत और सुलभ विभाग के कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत की सूचना मिलने पर 10 मिनट के भीतर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के कर्मचारियों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं को शीघ्र और सुगम दर्शन कराने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि केदारनाथ यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी और सुधार की प्रक्रिया जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *