रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर 250 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, तीन की मौत

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार को एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, कार भीरी से औरिंग की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली ऊखीमठ पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची।

प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी और एसडीआरएफ पोस्ट अगस्तमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं, लेकिन टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए दो शवों को बाहर निकाल लिया। तीसरे शव को निकालने के प्रयास देर तक जारी रहे।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30 वर्ष), अंशुल (28 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मृतक रुद्रप्रयाग जिले के ही निवासी थे।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय लोगों ने पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *