बदरीनाथ धाम के कपाट आज खुलेंगे, 25 कुंतल फूलों से सजा मंदिर, श्रद्धालुओं में उत्साह

चमोली। उत्तराखंड के पवित्र बदरीनाथ मंदिर के कपाट आज गुरुवार को श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान के साथ खोल दिए जाएंगे। चारधाम यात्रा 2026 के इस महत्वपूर्ण पड़ाव को लेकर धाम में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 6:15 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कपाट खोले जाएंगे, जिसके बाद श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के साथ अखंड ज्योति के दर्शन कर सकेंगे।

🌸 भव्य सजावट से जगमगाया धाम

कपाट खुलने से पहले पूरे बदरीनाथ धाम को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मंदिर परिसर, आसपास के मठ-मंदिरों और मार्गों को लगभग 25 कुंतल ऑर्किड और गेंदे के फूलों से सजाया गया है।

इस बार पहली बार मंदिर के मुख्य सिंह द्वार को फलों से सजाया गया है, जो श्रद्धालुओं के बीच खास आकर्षण बना हुआ है।

🚩 धाम पहुंचीं देव डोलियां

परंपराओं के निर्वहन के तहत उद्दव, तेल कलश और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी धाम पहुंच चुकी है। वहीं भगवान कुबेर की डोली रात्रि विश्राम के लिए बामणी गांव में ठहरी।

योग मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद देव डोलियां बदरीनाथ के लिए रवाना हुईं। डोलियों के साथ रावल (मुख्य पुजारी) अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

बामणी गांव में श्रद्धालुओं ने डोलियों का भव्य स्वागत किया। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

👮 सुरक्षा के कड़े इंतजाम

चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह तैयार हैं। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी कर्मी “अतिथि देवो भव:” की भावना के साथ कार्य करें। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

🏛️ मुख्यमंत्री करेंगे शिरकत

कपाट खुलने के अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहेंगे। वह पहले ही बदरीनाथ पहुंचकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं।


कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा 2026 को गति मिलेगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान विष्णु के दर्शन कर पुण्य अर्जित करेंगे।