बागेश्वर में एक घंटे में तीन बार भूकंप के झटके, लोगों में दहशत

बागेश्वर, उत्तराखंड: जिले में रविवार को भूकंप के लगातार झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। एक घंटे के भीतर तीन बार धरती कांपने से लोग घबराकर अपने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

मिली जानकारी के अनुसार, भूकंप का सिलसिला सुबह करीब 10:32 बजे शुरू हुआ। पहला झटका रिक्टर पैमाने पर 3.1 तीव्रता का दर्ज किया गया। इसके बाद 10:46 बजे 2.6 तीव्रता का दूसरा झटका महसूस किया गया। तीसरा झटका सुबह 11:31 बजे आया, जिसकी तीव्रता 2.8 मापी गई।

भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इन दूरस्थ इलाकों में झटकों का असर ज्यादा महसूस किया गया, जबकि जिले की अन्य तहसीलों में भी हल्के कंपन दर्ज किए गए।

लगातार झटकों के कारण लोगों में भय का माहौल बन गया। कई लोग एहतियात के तौर पर खुले स्थानों में एकत्र हो गए। हालांकि अब तक किसी भी तरह की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार, सभी तहसीलों से मिली रिपोर्ट में कहीं भी किसी प्रकार की क्षति की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की टीमों को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है, जो स्थिति का जायजा ले रही हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *