चारधाम यात्रा 2026: ऋषिकेश में पंजीकरण शुरू, आज सीएम धामी दिखाएंगे हरी झंडी

ऋषिकेश। विश्वप्रसिद्ध चारधाम यात्रा को लेकर उत्तराखंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार सुबह से ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप और आईएसबीटी में यात्रियों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

30 काउंटरों पर शुरू हुआ पंजीकरण

चारधाम यात्रा के लिए सुबह 6 बजे से पंजीकरण प्रारंभ हुआ। पंजीकरण प्रभारी प्रेमानंद ने बताया कि कुल 30 काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें 24 ट्रांजिट कैंप और 6 आईएसबीटी में संचालित हो रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक करीब 150 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके थे। सबसे पहले नेपाल से आए 30 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया।

व्यवस्थाएं पूरी, प्रशासन अलर्ट

यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी पीपी नौटियाल के अनुसार यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। एसडीएम ने नगर निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर साफ-सफाई, पेयजल और कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

आज होगा औपचारिक शुभारंभ

भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे ट्रांजिट कैंप पहुंचकर यात्रियों के वाहनों को हरी झंडी दिखाएंगे, जिसके साथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ होगा।

भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना

चारधाम यात्रा के सफल संचालन के लिए परिवहन विभाग ने भद्रकाली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। एआरटीओ प्रशासन रावत सिंह कटारिया और एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने विधि-विधान से पूजा कर यात्रा की सफलता की कामना की।

अवैध वाहनों पर सख्ती

आईएसबीटी सभागार में आयोजित बैठक में ट्रांसपोर्टरों ने डग्गामार वाहनों पर रोक लगाने की मांग उठाई। एआरटीओ प्रवर्तन रश्मि पंत ने बताया कि केवल वैध टोल पर्ची वाले वाहनों को ही ग्रीन कार्ड जारी किया जा रहा है। अन्य राज्यों के वाहनों के लिए 15 दिन की वैधता वाला ग्रीन कार्ड अनिवार्य किया गया है।

अतिक्रमण हटाने के निर्देश

नगर आयुक्त ने व्यापारियों से नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम योगेश मेहरा ने कहा कि सड़क किनारे बने अवैध स्टैंड भी हटाए जाएंगे, ताकि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

गढ़वाल एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि यात्रा मार्ग को तीन सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया है। पूरे रूट पर 600 से 1000 पुलिसकर्मी, पीएसी और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। साथ ही नदी घाटों पर वाटर पुलिस की भी तैनाती रहेगी।

श्रद्धालुओं में उत्साह

नेपाल से आए श्रद्धालु खेमराज सुवेदी ने कहा कि प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाएं सराहनीय हैं। वहीं राधा कृष्ण घिमिरे ने यात्रा को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि उत्तराखंड आकर उन्हें अच्छा अनुभव मिला है और वे आगे भी यहां आते रहेंगे।


चारधाम यात्रा के आगाज के साथ ही उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने यात्रियों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *