Dehradun: पीएम मोदी के दौरे से पहले दो दिन बंद रहेगा डाट काली मंदिर, आज सीएम योगी करेंगे पूजा-अर्चना

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा के मद्देनजर डाट काली मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। अब भक्त 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन कर सकेंगे। मंदिर के इतिहास में यह पहला अवसर है जब लगातार दो दिनों तक आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के द्वार बंद किए गए हैं।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के सिलसिले में दून पहुंचेंगे। इस दौरान वह मां डाट काली मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना भी करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

सुरक्षा एजेंसियों के निर्देश पर रविवार शाम करीब पांच बजे से मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। मंदिर परिसर में हुई बैठक के दौरान महंत रमन प्रसाद गोस्वामी के पुत्र शुभम गोस्वामी ने बताया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दर्शन कार्यक्रम को देखते हुए मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है और इसी कारण भक्तों के प्रवेश को अस्थायी रूप से रोका गया है।

मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल और गौरव कुमार ने बताया कि सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को दोपहर दो बजे के बाद ही मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा और उसके बाद भक्त माता रानी के दर्शन कर सकेंगे।

आज डाट काली मंदिर पहुंचेंगे सीएम योगी
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सोमवार को डाट काली मंदिर पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वह शाम 3:50 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद करीब चार बजे मंदिर पहुंचकर मां डाट काली के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। दर्शन के बाद वह लगभग 4:15 बजे मंदिर से रवाना हो जाएंगे।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *