देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड और डाट काली मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, बिजली आपूर्ति और स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, यातायात संचालन के लिए स्पष्ट योजना बनाने और आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्यमंत्री ने जनसभा स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया। साथ ही, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की खुशहाली और कार्यक्रम की सफलता की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के लिए बेहद अहम है और इसे सफल बनाने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और तत्परता से कार्य कर रहा है।