टिहरी गढ़वाल: जिले के घुत्तू क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े चार बजे राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) को हादसे की सूचना मिली। सूचना मिलते ही SDRF की टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मौके पर पहुंचने पर टीम ने पाया कि पिकअप वाहन (UK 07 CD 0854) खाई में गिरा हुआ था। वाहन में दो लोग और एक खच्चर सवार थे। SDRF टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल पूरन सिंह (55 वर्ष), पुत्र रूप चंद्र सिंह, निवासी ग्राम साथियाला पट्टी भिलंग, टिहरी गढ़वाल को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
वहीं, चालक बॉबी (28 वर्ष), पुत्र जगबीर लाल, निवासी खलासी पट्टी पालीगढ़ की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे में खच्चर की भी जान चली गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।