देहरादून: प्रधानमंत्री Narendra Modi के 14 अप्रैल को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अहम कदम उठाए हैं। शहर में संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जा रहा है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने शनिवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि 14 अप्रैल को लच्छीवाला टोल प्लाजा सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक पूरी तरह टोल फ्री रहेगा। इस दौरान फास्ट टैग से भी किसी प्रकार का टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके साथ ही आशारोड़ी बैरियर को भी अस्थायी रूप से हटा दिया जाएगा, ताकि यातायात बाधित न हो।
दरअसल, इस दिन प्रधानमंत्री देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे और गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह ग्राउंड में एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, सीमावर्ती और पर्वतीय जिलों से आने वाली बसों और निजी वाहनों की संख्या अधिक रहने की उम्मीद है। ऐसे में टोल प्लाजा और बैरियर पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि शहर को जाम मुक्त रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी करेंगी। इसके अलावा प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।