देहरादून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, IMA-ISBT और PHQ थे निशाने पर; पाकिस्तान को भेजी संवेदनशील लोकेशन

देहरादून: राजधानी देहरादून में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए झाझरा क्षेत्र से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोपी विक्रांत से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि उसके निशाने पर भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT) और पुलिस मुख्यालय (PHQ) जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थान थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी इन स्थानों की रेकी कर उनकी फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेज चुका था। वह पिछले कई महीनों से देहरादून और आसपास के इलाकों में सक्रिय रहकर महत्वपूर्ण स्थानों की जानकारी जुटा रहा था।

सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान से जुड़ा नेटवर्क

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाबी गायक Sidhu Moosewala का कट्टर प्रशंसक है और उनकी हत्या से बेहद आक्रोशित था। इसी दौरान वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी के संपर्क में आया।

बताया जा रहा है कि भट्टी द्वारा साझा किए जा रहे भड़काऊ पोस्ट और वीडियो से प्रभावित होकर आरोपी उसके संपर्क में आया, जिसके बाद उसे विभिन्न टास्क दिए जाने लगे।

पहले सामान्य जानकारी, फिर संवेदनशील ठिकानों की रेकी

शुरुआत में आरोपी को देहरादून के पुलिस थानों और प्रमुख स्थानों के वीडियो बनाकर भेजने के निर्देश दिए गए। इसके बाद उसने पुलिस चौकी झाझरा की लोकेशन और वीडियो फुटेज पाकिस्तान भेजी।

जांच आगे बढ़ने पर उसे IMA, ISBT और PHQ जैसे उच्च सुरक्षा वाले संस्थानों की रेकी कर उनकी फोटो-वीडियो भेजने का काम सौंपा गया, जिसे उसने अंजाम भी दिया।

बम धमाकों की थी साजिश

पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी को पाकिस्तान से निर्देश मिले थे कि इन स्थानों पर बम विस्फोट करना है। इसके लिए उसे “गुर्जर” नाम के व्यक्ति से बम, हथियार और धन मिलने वाला था। हालांकि, इससे पहले कि वह किसी घटना को अंजाम देता, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

‘तहरीक-ए-तालिबान- हिन्दुस्तान’ के नाम से फैलानी थी दहशत

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी को ‘तहरीक-ए-तालिबान- हिन्दुस्तान (TTH)’ के नाम पर दहशत फैलाने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके तहत उसने देहरादून के सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा इलाके में दीवारों पर स्प्रे पेंट से ‘TTH’ लिखकर उसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी।

CCTV कैमरों की लोकेशन भी साझा

आरोपी ने शहर में लगे विभिन्न CCTV कैमरों की लोकेशन भी पाकिस्तान भेजी थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को भेदने की कोशिश की जा रही थी।

पंजाब में रह चुका है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी वर्ष 2024 और 2025 के दौरान पंजाब के नाभा में रह चुका है, जहां वह ट्रकों की बॉडी बनाने का काम करता था।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

मामले के खुलासे के बाद देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपी के नेटवर्क व संभावित साथियों की तलाश जारी है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं, ताकि किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *