नैनीताल: रहस्यमय हालात में लापता हुई 10वीं की छात्रा, खेत में मिली स्कूल ड्रेस; पुलिस ने तेज की तलाश

नैनीताल। जिले के मोटाहल्दू क्षेत्र से कक्षा 10 की एक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा की स्कूल ड्रेस खेत में मिलने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कई टीमों का गठन कर छात्रा की तलाश तेज कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शक्तिफार्म निवासी सतीश उपाध्याय की पुत्री ललिता गुरुवार को मोटाहल्दू चौराहे स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गई थी। दोपहर करीब 2:05 बजे छुट्टी के बाद वह अपनी सहेली के साथ घर के लिए निकली। हाईवे पार करने के बाद सहेली अपने घर चली गई, लेकिन ललिता कालिका मंदिर स्थित अपने घर नहीं पहुंची।

छात्रा के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान मदरसन कंपनी के समीप एक खेत में झाड़ियों के बीच छात्रा की स्कूल ड्रेस बरामद हुई। ड्रेस मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मामले की गंभीरता बढ़ गई।

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसपी सिटी जगदीश चंद्र, सीओ अमित कुमार सैनी और कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में एसओजी, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। डॉग स्क्वायड ने कपड़ों के आधार पर छात्रा की तलाश करते हुए स्कूल तक ट्रैक किया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित रहा, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
मामले की जांच में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि कई कैमरे खराब पाए गए हैं, जिससे जांच में दिक्कतें आ रही हैं। उपलब्ध फुटेज में छात्रा कपड़े मिलने के स्थान से कुछ दूरी पहले तक नजर आई है।

कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं और हर पहलू से जांच की जा रही है।

वहीं, डायल 112 की सूचना पर लालकुआं कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने कहा कि छात्रा की जल्द बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *