रुड़की में सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बेचते पकड़ा गया दुकानदार, पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की के लालकुर्ती क्षेत्र में सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस और आर्मी इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक दुकानदार को हिरासत में लिया है। दुकान से करीब 400 मीटर प्रतिबंधित कपड़ा बरामद किया गया है। मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को आर्मी इंटेलिजेंस को सूचना मिली थी कि लालकुर्ती क्षेत्र में स्थित एक दुकान पर अवैध रूप से सेना की वर्दी का कपड़ा बेचा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आर्मी इंटेलिजेंस और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने संबंधित दुकान पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान टीम को दुकान से करीब 400 मीटर सेना की वर्दी का प्रतिबंधित कपड़ा मिला, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया। पुलिस ने मौके से दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि जिस दुकान से कपड़ा बरामद हुआ है, उसे सेना की वर्दी का कपड़ा बेचने की कोई अधिकृत अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद दुकानदार अवैध रूप से इसकी बिक्री कर रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दुकानदार यह कपड़ा कहां से लाता था और किन लोगों को बेच रहा था। इस कार्रवाई के बाद लालकुर्ती बाजार में अन्य दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि क्षेत्र में आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखते हुए जांच अभियान चलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *