अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में एक कार के अनियंत्रित होकर पलटने से दो महिलाएं घायल हो गईं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा सल्ट क्षेत्र के शशिखाल बाजार के पास हुआ। दिल्ली से अपने पैतृक गांव पैसिया-गढ़कोट जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। कार में तीन लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि दरबान सिंह रावत (58) अपनी पत्नी निर्मल रावत (54) और भाभी माधुरी देवी (62) के साथ कार (DL-12 CT-6489) से दिल्ली से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। वे सुबह करीब चार बजे दिल्ली से रवाना हुए थे और दोपहर लगभग डेढ़ बजे शशिखाल बाजार के पास बासुआ बैंड पार करते ही हादसा हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चला रहे दरबान सिंह रावत को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ी की ओर बनी नाली से टकराकर पलट गई। हालांकि गनीमत रही कि कार खाई की ओर नहीं गिरी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद पीछे से आ रहे स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में निर्मल रावत और माधुरी देवी घायल हो गईं, जबकि चालक दरबान सिंह रावत सुरक्षित हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।