रुद्रप्रयाग में कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना की सुरंग में धंसी मिट्टी, पानी के साथ आया मलबा; निर्माण कार्य रोका गया

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना के तहत रुद्रप्रयाग जिले में बन रही सुरंग में अचानक मिट्टी धंसने की घटना सामने आई है। सुरंग के भीतर पानी के साथ मलबा आने से निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार यह घटना बीती रात की है। निर्माण कार्य के दौरान सुरंग के अंदर करीब डेढ़ किलोमीटर भीतर अचानक मिट्टी धंस गई। उसी समय ऊपर मौजूद प्राकृतिक जल स्रोत के कारण पानी के साथ भारी मात्रा में मलबा सुरंग के भीतर आ गया, जिससे सुरंग का एक हिस्सा बंद हो गया।

मलबा आने से कुछ समय के लिए काम कर रहे श्रमिकों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद परियोजना से जुड़े अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। एहतियात के तौर पर सुरंग के भीतर चल रहे निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि जिस स्थान पर मिट्टी धंसी है, उसके ऊपर पानी का स्रोत मौजूद है। इसी वजह से पानी के दबाव के साथ मलबा सुरंग में आ गया। फिलहाल विशेषज्ञों की टीम द्वारा तकनीकी जांच की जा रही है ताकि स्थिति का सही आकलन किया जा सके।

परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दो दिनों में जांच के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। इसके बाद ही आगे निर्माण कार्य को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेलवे लाइन परियोजना उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण योजना है। इस परियोजना के तहत कई लंबी सुरंगों और पुलों का निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में निर्माण कार्य के दौरान तकनीकी चुनौतियां सामने आना स्वाभाविक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *