चमोली: हरियाणा पुलिस की अभिरक्षा में गोपेश्वर निवासी की मौत, पांच अज्ञात के खिलाफ हत्या-अपहरण का मुकदमा दर्ज

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में हरियाणा पुलिस की अभिरक्षा में गोपेश्वर निवासी एक व्यक्ति की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। इस मामले में मृतक की बेटी की शिकायत पर गोपेश्वर कोतवाली पुलिस ने पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, डकैती और गाली-गलौच की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की बेटी आशा देवी, निवासी सिंद्रवाणी (गौचर), ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार को हरियाणा पुलिस के पांच लोग उनके पिता को जबरदस्ती अपने साथ ले गए। आरोप है कि बाद में उन्हीं लोगों ने उनके पिता को बेस अस्पताल में मृत अवस्था में छोड़ दिया।

आशा देवी ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनके पिता को अस्पताल में छोड़ा गया, तब उनकी जेब में रखे करीब 25 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपियों ने घर में घुसकर गाली-गलौच की और लूटपाट भी की।

गोपेश्वर कोतवाली के थानाध्यक्ष अनुरोध व्यास ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात पांच व्यक्तियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, डकैती और गाली-गलौच की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

उधर, घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। सोमवार सुबह क्षेत्र के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की।

उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण स्थानीय लोगों के साथ एसपी सुरजीत सिंह पंवार से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान पंकज पुरोहित, अशोक बिष्ट, धीरज राणा, महेंद्र नेगी, धीरेंद्र फरस्वाण सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *