ऊधमसिंह नगर जिले में किरायेदार बनकर रह रहे अपराधियों के कारण कानून-व्यवस्था के लिए नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। हाल के दिनों में सामने आए कई आपराधिक मामलों में यह पाया गया है कि आरोपी किराये के कमरों में रहकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। ऐसे में मकान मालिकों द्वारा किरायेदारों का पुलिस सत्यापन न कराना पुलिस के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है।
जिले के रुद्रपुर, सितारगंज, पंतनगर और काशीपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। इनमें से अधिकतर लोग मजदूरी या छोटे व्यवसाय के जरिए जीवनयापन करते हैं और किराये के मकानों में रहते हैं। लेकिन कई स्थानों पर मकान मालिक किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराते, जिससे अपराधियों को यहां ठिकाना बनाने में आसानी हो जाती है।
सीमावर्ती जिला होने के कारण ऊधमसिंह नगर में उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के अपराधियों की आवाजाही भी अधिक रहती है। पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी, हनी ट्रैप, धोखाधड़ी और हथियारों की तस्करी जैसे मामलों में शामिल कई आरोपी किराये के कमरों में छिपकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।
पुराने मामलों से सामने आई गंभीर स्थिति
जिले में पहले भी कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें दूसरे राज्यों से युवतियों को बहला-फुसलाकर यहां लाया गया और उन्हें बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया या देह व्यापार में धकेलने का प्रयास किया गया। इसके अलावा साइबर ठगी के लिए भी किराये के कमरों का इस्तेमाल किए जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
ज्यादा किराए के लालच में सत्यापन से बच रहे मकान मालिक
पुलिस का कहना है कि कई मकान मालिक अधिक किराया मिलने के लालच में किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराते। यही लापरवाही अपराधियों के लिए अवसर बन जाती है। अब पुलिस ऐसे मामलों में सख्ती बरतने की तैयारी कर रही है।
हाल के कुछ प्रमुख मामले
- अप्रैल 2026: रुद्रपुर की एक रिहायशी कॉलोनी में किराये के कमरे में पटियाला की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।
- 30 मार्च: रामपुर के युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने और लूटने के मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपी किराये के कमरे में रह रहे थे।
- 19 फरवरी: आईटीआई थाना पुलिस ने जिन्न के नाम पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी के मामले में यूपी के रामपुर निवासी फर्जी मौलाना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- मार्च 2023: पुलिस ने किराये के घर में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया था।
- 19 जुलाई 2023: संतोष बनकर रह रहे शरीफ ने शाहजहांपुर की युवती को रुद्रपुर में किराये के कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया था।
- मार्च 2022: किराये के कमरे में देह व्यापार चलाने के आरोप में तीन महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
ऑपरेशन प्रहार के तहत चल रहा सघन सत्यापन
इन घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान शुरू किया है। पुलिस टीमें आबादी वाले क्षेत्रों और रिहायशी कॉलोनियों में लगातार चेकिंग कर रही हैं, ताकि संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले में किरायेदार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन कराना अनिवार्य है। यदि कोई मकान मालिक बिना सत्यापन के किरायेदार रखता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।