नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड में प्रस्तावित कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने केंद्र से सहयोग की पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री Manohar Lal Khattar से मुलाकात कर हरिद्वार में प्रस्तावित गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से जुड़ी परियोजना के लिए लगभग 325 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर से जुड़ी परियोजना के अंतर्गत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और विद्युत प्रणाली के स्वचालन की योजना है। उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना के पहले चरण के लिए 325 करोड़ रुपये की धनराशि जल्द स्वीकृत की जाए। इसके साथ ही उन्होंने दूसरे चरण के तहत शेष लगभग 425 करोड़ रुपये की धनराशि को भी मंजूरी देने का अनुरोध किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने Kumbh Mela-2027 की तैयारियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि Haridwar और Rishikesh में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार का सहयोग आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से राज्य में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना को Meerut से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी रखा। साथ ही देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने का अनुरोध किया, ताकि इन शहरों के बीच आवागमन और अधिक सुगम बनाया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के लागू होने से सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी, यातायात जाम की समस्या में कमी आएगी और पर्यावरण पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक परिवहन नेटवर्क के विकास से उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे पर्यटन, आर्थिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।