धार्मिक नगरी हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। रविवार सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधिया बंध में स्नान करते समय गाजियाबाद से आए दो दोस्त गंगा के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गंगा की गहराई में चले गए। तेज बहाव के कारण दोनों कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाते हुए पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब सवा घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भिजवा दिया, जहां पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक आपस में दोस्त थे और गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे। मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) पुत्र राजनाथ त्रिपाठी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और सचिन त्यागी (39) पुत्र जगजीत सिंह त्यागी निवासी राजनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए गए हैं और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम पसर गया है।