हल्द्वानी: गेहूं कटाई के दौरान पानी से भरे टैंक में डूबा 11 वर्षीय मासूम, परिवार में मचा मातम

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के लामाचौड़ बच्चीनगर इलाके में गेहूं कटाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। पानी से भरे गहरे गड्ढे (टैंक) में डूबने से 11 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र के रायपुर धीरपुर पलिया गुजर गांव निवासी चंद्रभान कश्यप अपने परिवार के साथ हल्द्वानी के बच्चीनगर में तारा सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं। चंद्रभान यहां राजमिस्त्री का काम करते हैं और साथ ही खेतों में गेहूं कटाई का ठेका भी लिया हुआ था।

बताया जा रहा है कि बृहस्पतिवार शाम को चंद्रभान का 11 वर्षीय बेटा सौरभ कश्यप भी परिवार के साथ खेत में गेहूं कटाई के काम में हाथ बंटा रहा था। इसी दौरान वह गेहूं की पौध का बंडल बनाने के लिए खेत के पास निर्माणाधीन दुकानों के समीप पहुंचा। वहां पिट के लिए लगभग आठ फीट गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरा हुआ था।

परिजनों के मुताबिक सौरभ गेहूं के बंडल को पानी में भिगोने के लिए गया था, लेकिन इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। काफी देर तक जब सौरभ नजर नहीं आया तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी बीच गड्ढे में उसकी चप्पल तैरती हुई दिखाई दी, जिससे हादसे का पता चला।

परिजन तुरंत सौरभ को बाहर निकालकर कठघरिया के एक स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे पिता चंद्रभान कश्यप ने बताया कि सौरभ पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वह हाल ही में पांचवीं कक्षा पास कर छठी कक्षा में पहुंचा था। सौरभ की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिवार शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने पैतृक गांव बदायूं ले जाएगा।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले में अभी तक किसी प्रकार की लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *