देहरादून: राजधानी देहरादून में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बुधवार देर रात ऑपरेशन प्रहार के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान के दौरान 149 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। साथ ही मौके पर ही करीब 40 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 67 वाहनों को सीज कर दिया गया।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, शराब पीकर वाहन चलाने, हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। कई स्थानों पर पुलिस टीमों ने बैरियर लगाकर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस की कई टीमें गठित कर चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 70 लोगों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। इस दौरान 143 वाहन चालकों से करीब 86 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया, जबकि कुल 157 वाहनों के चालान किए गए। गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 67 वाहनों को सीज किया गया।
इसके साथ ही पुलिस ने किरायेदार और कर्मचारियों के सत्यापन को लेकर भी विशेष अभियान चलाया। बिना सत्यापन किरायेदार रखने और प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों को काम पर रखने वाले मकान मालिकों और संचालकों पर करीब तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस टीमों ने शहर के कई पीजी और हॉस्टलों में भी आकस्मिक चेकिंग की। एसएसपी ने हॉस्टलों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को सख्त हिदायत दी कि पढ़ाई की आड़ में किसी भी प्रकार का हुड़दंग या कानून व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।