Roorkee: सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल के पास युवक पर जानलेवा हमला, बेल्ट और डंडों से पीटा, वीडियो वायरल

रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल के पास एक युवक पर कुछ युवकों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को बेल्ट और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुभाषनगर निवासी राघव गोस्वामी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 मार्च की रात करीब 8:30 बजे वह सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।

पीड़ित के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बाइक से गिरा दिया और बेल्ट व डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

मारपीट के दौरान किसी तरह जान बचाने के लिए राघव पास के एक घर में घुस गया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद हमलावर युवक को धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक आरोपी को पहचानता है। गंगनहर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *