नैनीताल में गैस बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी, महिला के खाते से 1.91 लाख रुपये उड़े

नैनीताल: गैस बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी, महिला के खाते से उड़ाए 1.91 लाख रुपये

नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में गैस बुकिंग के नाम पर एक महिला से करीब 1.91 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने शिकायत दर्ज कराने के बहाने स्क्रीन शेयरिंग कर पीड़िता के बैंक खाते से बड़ी रकम निकाल ली। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मल्लीताल स्थित गार्डन हाउस क्षेत्र निवासी बीना शाह ने 20 मार्च 2026 को इंडेन गैस की बुकिंग की थी। बुकिंग के दौरान भुगतान सफल नहीं होने पर उन्होंने पेटीएम के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। इसी दौरान उन्हें एक व्हाट्सएप नंबर के जरिए संपर्क करने के लिए कहा गया।

पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर 08250671748 पर संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को पेटीएम से जुड़ा अधिकारी बताया और समस्या का समाधान करने का भरोसा दिया। इसके बाद उसने महिला से स्क्रीन शेयर करने को कहा और कुछ प्रक्रियाएं करवाने लगा।

इसी दौरान महिला के बैंक खाते से 84,539 रुपये और 9,999 रुपये की रकम मो. फरहान नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गई। अगले दिन 21 मार्च को ठग ने फिर कॉल कर पैसे वापस कराने का झांसा दिया और अलग-अलग बहाने बनाकर अंजली नाम के खाते में दोबारा रकम ट्रांसफर करवा ली।

इस तरह ठगों ने महिला से कुल 1 लाख 91 हजार 487 रुपये की ठगी कर ली। बैंक से आए ट्रांजेक्शन संदेशों के बाद महिला को धोखाधड़ी का पता चला। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद से उन्हें 7602641221 नंबर से लगातार कॉल भी आ रही है।

महिला ने मामले में कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल हरम पंत ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगों की पहचान कर जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को फोन या व्हाट्सएप पर स्क्रीन शेयर न करें और न ही अपनी बैंकिंग जानकारी साझा करें। संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *