उधमसिंह नगर में हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश: महिला समेत दो गिरफ्तार, व्यापारी को बंधक बनाकर बनाई अश्लील वीडियो

उधमसिंह नगर। रुद्रपुर में हनी ट्रैप के जरिए व्यापारियों को फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह ने एक व्यापारी को अपने जाल में फंसाकर बंधक बनाया, उसके कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाई और उसे वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की मांग की।

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर के एक व्यापारी ने रविवार को ट्रांजिट कैंप कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में व्यापारी ने बताया कि 27 मार्च को प्रिया नाम की एक युवती ने उसे फुलसुंगी श्मशान घाट के पास मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद युवती उसे अपने घर ले गई, जहां पहले से ही चार युवक और एक अन्य युवती मौजूद थे।

व्यापारी का आरोप है कि घर के अंदर पहुंचते ही सभी लोगों ने उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसके साथ मारपीट भी की। इसके बाद गिरोह ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर उससे पांच लाख रुपये की मांग की।

डर के कारण व्यापारी ने अपने एक मित्र के माध्यम से आरोपियों को 14 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने उससे 30 हजार रुपये नकद भी ले लिए। इसके बावजूद गिरोह लगातार उससे और पैसे की मांग करता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने संभल (उत्तर प्रदेश) निवासी मोतीराम और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी पिंकी उर्फ काजल को उनके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से फिरौती के 12 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरोह में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *