देहरादून: महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में मंजुल सिंह मांजिला स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज, सीएम धामी ने खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

देहरादून। राजधानी देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में बुधवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं मैदान में उतरकर क्रिकेट खेला।

मुख्यमंत्री धामी ने बल्लेबाजी करते हुए चौके-छक्के लगाए, जिसे देखकर मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता जैसे गुण विकसित होते हैं, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेलों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि प्रदेश के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे अभियानों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए मजबूत पहल की गई है। इन अभियानों से युवाओं को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिल रही है।

कार्यक्रम में खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही प्रतियोगिता के मुकाबलों की शुरुआत हो गई है, जिसमें विभिन्न टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *